पिपरौली (ज्वाला निगम): गीडा थाना क्षेत्र के कैली गांव में 40 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने उसकी कनपटी से सटाकर गोली मारी थी, जिससे उसके सिर का ऊपरी हिस्सा उड़ गया है। उसके गले में भी धारधार हथियार से रेते जाने के जख्म हैं। सुबह उसकी लाश घर में बिस्तर पर खून से लथपथ हालत में मिली। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। उसकी हत्या किसने और क्यों की? इसका अभी कुछ पता नहीं चल सका है।
खाना खाने के बाद महिला रात में सोने चली गई थी। सुबह बेटा उठा तो मां की खून से लथपथ लाश बिस्तर पर पड़ी थी।
बरामदे में सो रही थी महिला हरिनाथ की बेटी संजू की शादी कैली गांव के राजेश से हुई थी। राजेश दिल्ली में रहकर पेंट-पॉलिश का काम करता है। संजू के साथ घर में उसका बड़ा बेटा सोनू (19), छोटा बेटा सुनील (12), बेटी खुशबू (15), बहू अंजू (18) और पौत्री अंशिका (1) रहती है। रात में सभी लोग खाना खा कर सो गए। बड़ा बेटा, बहू, बेटी घर के अंदर सोए थे। महिला बरामदे में सोई थी। उसके बगल में छोटा बेटा सुनील सोया था। सुबह जब ये लोग सोकर उठे तो महिला मृत पड़ी थी। पुलिस जमीनी रंजिश, आशनाई, लेनदेन को लेकर हत्या के बिंदुओं पर जांच कर रही है।
सीओ कैम्पियरगंज अजय सिंह ने बताया कि गोली मारकर हत्या की गई है। घर में उसकी बहू और बेटे भी थे। वे भी रात में सोए थे। परिवार वालों से भी पूछताछ की जा रही है। आखिर गोली मारी गई तो किसी को भनक कैसे नहीं लगी। उधर, गांव वाले भी गोली की आवाज न सुनाई देने की बात कह रहे हैं।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
परिवार वालों से पुलिस पूछताछ कर रही है। पड़ोस के दो लोगों को पूछताछ ले लिए उठाया है।
फिलहाल घटना की सूचना पर ADG अखिल कुमार, DIG जे. रविन्द्र गौड, प्रभारी SSP सोनम कुमार, SP नॉर्थ मनोज अवस्थी, CO कैम्पियरगंज अजय सिंह, गीडा थानेदार विनय सरोज, फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचकर जांच कर रहे हैं। एसओ गीडा विनय सरोज ने बताया की महिला की हत्या की जांच की जा रही है।






