न्यूज़ डेस्क: राजधानी में बढ़ते कोरोना मामलों के बीच एक अच्छी खबर सामने आई है। दिल्ली में वैक्सीन के पात्र 100 प्रतिशत लोगों को पहली डोज लग चुकी है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। केजरीवाल ने इस उपलब्धि पर कहा कि मैं अपनेडॉक्टरों,एएनएम,शिक्षकों,आशा वर्करों और अन्य सभी फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं को सलाम करता हूं।
उन्होंने कहा कि सभी डीएम,सीडीएमओ व डीआईओ समेत सभी जिला पदाधिकारियों को बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि पात्र 100 प्रतिशत लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लगने के बाद दिल्ली कोरोना से काफी हद तक सुरक्षित हो गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 148.33 लाख लोगों को टीके की पहली डोज दी जा चुकी है। वहीं,1.035 करोड़ से अधिक लोगों ने वैक्सीन की दूसरी डोज भी ले ली है। दिल्ली सरकार ने कहा है कि मुख्यमंत्री केजरीवाल के नेतृत्व में ओमिक्रॉन वेरिएंट से निपटने के लिए हर स्तर पर तैयारी है और सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
ओमिक्रॉन वेरिएंट से निपटने के लिए सरकार तैयार
दिल्ली सरकार कोरोना के ओमिक्रॉन वेरिएंट से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है। सरकार ने ओमिक्रॉन से निपटने के लिए अस्पताल,बेड, दवाइयों और ऑक्सीजन का पुख्ता इंतजाम कर लिया है। होम आइसोलेशन को और मजबूत कर रही है। अब जरूरत पड़ने पर तीन लाख टेस्ट प्रतिदिन हो पाएंगे। सरकार प्रतिदिन एक लाख केस को आधार मानकर अपनी तैयारियों को अंजाम दे रही है। सरकार के पास अभी एक दिन में 1100 घरों का दौरा की क्षमता है, जिसे बढ़ाकर एक लाख तक किया जा रहा है। सीरो सर्वे में 95 फीसद से अधिक लोगों में एंटीबॉडीज मिली है और अब पात्र 100 फीसद लोगों को वैक्सीन की पहली डोज भी लग चुकी है। इसलिए संभव है कि दिल्ली में ओमिक्रॉन का प्रकोप ज्यादा न हो। इसके बावजूद अगर ओमिक्रॉन फैलता है, तो इससे निपटने के लिए दिल्ली सरकार पूरी तरह से तैयार है।
दिल्ली सरकार ने 15 ऑक्सीजन टैंकर खरीदने के दिए आदेश
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निर्देश के 24 घंटे के अंदर ही दिल्ली सरकार ने ऑक्सीजन के ट्रांसपोर्टेशन के लिए 15 क्रॉयोजेनिक टैंकर खरीदने का आर्डर दे दिया है। सीएम केजरीवाल ने ओमिक्रॉन से निपटने की तैयारियों लेकर आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत को शीघ्र ये टैंकर खरीदने के ऑर्डर जारी करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद परिवहन मंत्री ने डीटीसी बोर्ड की आपात बैठक कर यह ऑर्डर जारी किए। यह टैंकर 10, 15 और 20 मीट्रिक टन क्षमता के होंगे, जिनकी कुल क्षमता 225 मीट्रिक टन होगी। टैंकर मिलने के बाद दिल्ली को आवश्यकता पड़ने पर अब ऑक्सीजन के ट्रांसपोर्टेशन में दिक्कत नहीं आएगी। परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत का कहना है कि कोरोना की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए केजरीवाल सरकार हरसंभव कोशिश कर रही है। कहीं भी ऑक्सीजन पहुंचाने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।







