न्यूज़ डेस्क: आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बीते दिनों बलिया जनपद से शुरूभारतीय जनता पार्टी की जन विश्वास यात्रा गुरुवार को गोरखपुर जनपद में प्रवेश की। जनपद के चिल्लूपार विधानसभा में प्रवेश करने पर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। यात्रा में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री व लोकसभा सांसद हरीश द्विवेदी, सांसद रमापति राम त्रिपाठी व राज्यसभा सांसद जयप्रकाश निषाद शामिल रहें।
गुरुवार की शाम यात्रा जनपद के चिल्लूपार विधानसभा अंतर्गत बड़हलगंज पहुंची जहाँ यात्रा में शामिल नेताओं ने एक सभा को भी सम्बोधित किया। यात्रा में शामिल भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री व लोकसभा सांसद हरीश द्विवेदी ने कहा कि सबका साथ सबका विश्वास एवं सबका विकास की नीति ही भाजपा का मूलमंत्र है। भाजपा किसी वर्ग समाज या मतावलंबी के विरुद्ध नहीं है बल्कि भू-माफिया अपराधियों और काली कमाई करने वालों की विरोधी है उनके विरुद्ध कार्रवाई करती है। उन्होंने भारी संख्या में मौजूद जनसमूह से कहा कि अब विपक्ष को आराम करने दो, योगी आदित्यनाथ को नया काम करने दो।
जनविश्वास जगाने के लिये निकली है भाजपा की यात्रा!
यात्रा में शामिल सांसद देवरिया रमापति राम त्रिपाठी ने सभा को सम्बोधित करते हुये समाजवादी पार्टी पर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि माफियाओं के अवैध भवनों पर बुलडोजर चलता है, तो परिवार तक सिमटे एवं अपराधियों को प्रश्रय देने वाले कुछ नेताओं को दर्द होता है। उन्होंने भाजपा की तमाम जन कल्याणकारी योजना गिनाईं। श्री त्रिपाठी ने कहा कि सपा-बसपा के लूटतंत्र का शिकार होकर बीमार हो चले यूपी को योगी जी ने नंबर वन बनाया। उन्होंने भूमाफिया को प्रश्रय देकर धन नहीं लिया, वरन गरीब को उसकी जमीन वापस दिलाई। उत्तर प्रदेश देश की आत्मा है। यही से देश की नरेंद्र मोदी जी की सरकार को मजबूती मिलेगी। यह ध्यान रखना होगा कि आत्मा मजबूत होगी तभी शरीर मजबूत होगा।
यात्रा के दौरान साथ चल रहे राज्यसभा सदस्य जय प्रकाश निषाद ने कहा कि योगी आदित्यनाथ जी के कार्यकाल में यूपी में तेजी से विकास हुआ है। योगी सरकार ने महिलाओं, बुजुर्गों, दलितों, पिछड़ों, मुस्लिमों सहित हर वर्ग के लोगों के लिए बिना भेदभाव के जान कल्याणकारी योजनाओ का लाभ दिया है। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये पूर्व मंत्री राजेश त्रिपाठी ने कहा कि जब सभी पार्टियों के लोग कोरोना के समय अपने घरों में घुस के छुपे थे तब योगी जी की सरकार ने सबके लिये खवाई, दवाई ही नही बेटियों के विदाई की भी व्यवस्था कराई। भाजपा सरकार ने कोरोना मुक्ति के लिए सबको टीका और इलाज की व्यवस्था बिना भेदभाव के कराई। सरकार के प्रति जनविश्वास को बनाने के साथ उत्तर प्रदेश में पुनः कमल खिला कर भाजपा की सरकार बनाने के लिये चिल्लूपार में भाजपा की विजय का संकल्प लेना होगा। सभा को हरिकेश राम त्रिपाठी, छोटेलाल गौड़, मायाशंकर शुक्ल, सृंजय मिश्र, अस्मिता चंद, कमलेश पटेल ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह व संचालन मनोज शुक्ल ने किया। इस अवसर पर विधानसभा प्रभारी विनय राय बंटी, अजय सिंह गौतम, महेश उमर, राजीव पांडेय, धर्मेंद्र तिवारी, सुरेश मिश्र, आनंद त्रिपाठी, शिवाजी सिंह, रामबेलास यादव, रतनप्रकाश दुबे, अखंड शाही, वेदप्रकाश त्रिपाठी, श्रीकांत सोनी, राजकुमार भारती, विद्याधर पांडेय, शुभांगी मिश्र, चंदन पांडेय, राहुल तिवारी, दीपक शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
जन विश्वास यात्रा के स्वागत को डेरवां में उमड़ा जनसमूह
केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियों को जनता तक पहुचाने के उद्देश्य से निकली जनविश्वास यात्रा के स्वागत को डेरवा में जनसमूह उमड़ पड़ा। बता दें कि अपने निर्धारित समय से करीब तीन घण्टा विलम्ब से बड़हलगंज पहुची जन विश्वास यात्रा के डेरवा पहुचने पर पूर्व मंत्री राजेश त्रिपाठी और ग्राम प्रधान मैभरा प्रेमप्रकाश सिंह के नेतृत्व में लगभग डेढ़ से दो हजार की संख्या में कार्यकर्ताओं ने यात्रा में चल रहे नेताओं का माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया। यात्रा में मौजूद नेतागण ने यहां भी चिल्लूपार में कमल खिला कर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार दोबारा बनवाने की अपील जनता से किया।
टिकट के दावेदारों ने दिखाई ताकत
जन विश्वास यात्रा के प्रभारी हरीश द्विवेदी, सांसद रमापति राम त्रिपाठी, राज्यसभा सदस्य जयप्रकाश निषाद के समक्ष अपनी ताकत दिखाने के लिए चिल्लूपार विधानसभा से टिकट के दावेदारों ने जुलूस निकाल कर जोरदार प्रदर्शन किया। जानकारों का कहना था कि सौ, दो सौ लोगों के इस जुलूस से टिकट का मिलना या न मिलना तय नही करता। चिल्लूपार का टिकट हाईकमान को तय करना हैं, और लगभग टिकट किसे मिलना हैं तय हो चुका हैं। जिसकी चर्चा आमजन में पहले से ही मुखर है।







