बड़हलगंज: नेशनल स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में आयोजित ऑल इंडिया फुटबॉल टूर्नामेंट प्रतियोगिता का सोमवार को शुभारंभ हो गया। उद्धघाटन मैच सेंट एंड्रयूज फुटबॉल एकेडमी गोरखपुर व टाउन क्लब बेल्थरा के बीच खेला गया, जिसमे गोरखपुर की टीम ने एक गोल दागकर बेल्थरा रोड के खिलाफ जीत हासिल की।
सोमवार को उपनगर के नेशनल इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित ऑल इंडिया फुटबॉल टूर्नामेंट प्रतियोगिता का शुभारंभ चिल्लूपार विधायक विनय शंकर तिवारी द्वारा किया गया। उद्धघाटन मैच एंड्रयूज फुटबॉल एकेडमी गोरखपुर व टाउन क्लब बेल्थरा के बीच खेला गया जिसमें मैच के दूसरे हॉफ के 25 वें मिनट में गोरखपुर के विनोद ने पहला गोल मारा। इससे पूर्व पहले हॉफ में दोनो टीमें काफी मशक्कत करती रही। गोरखपुर के आयुष ने अपने खेल के प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया, और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इससे पूर्व उद्दघाटन मैच को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक चिल्लूपार विनय शंकर तिवारी ने कहा कि वर्ष खत्म होने वाला है, लेकिन इतिहास के पन्नों में 2021 खेल के दृष्टि से स्वर्णिम काल के लिए दर्ज हो जायेगा। उन्होंने स्थानीय टूर्नामेंट कमेटी को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन क्षेत्र में होते रहने चाहिये, इस तरह के आयोजनों से यहां के युवाओं में खेल के प्रति आकर्षण बढ़ेगा। विधायक श्री तिवारी ने कहा कि खेल की भावना से कई समस्याओं को भी हम दूर कर सकते हैं। इससे पूर्व उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि बीरु सोनकर, श्रवण जायसवाल, पूर्व प्रमुख राजबहादुर सिंह, इम्तियाज अहमद, रविन्द्र सिंह उज्जैन, आजाद अहमद, अशोक जायसवाल, शैलेश त्रिपाठी, कृष्णा गुप्ता, चुन्नू आदि लोग मौजूद रहें।







