न्यूज़ डेस्क: कर्नाटक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष केआर रमेश कुमार का रेप को लेकर एक विवादित बयान इन दिनों खूब सुर्खियों में है। बता दें कि इस बयान की खूब आलोचना हो रही है और वहीं आम लोगों के साथ कई नेता भी उनके इस बयान पर खेद जता रहे हैं।
दरअसल, कांग्रेस नेता केआर रमेश कुमार उस समय नाराज हो गए जब उन्हें राज्य विधानसभा में बोलने का मौका नहीं दिया गया। कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी ने जब कांग्रेस नेता को किसानों के मुद्दे पर बोलने से रोका और कहा कि इस तरह से सबको समय नहीं दिया जा सकता।
इस पर नेता ने एतराज जताते हुए रेप से जुड़ी एक विवादित टिप्पणी कर दी। उन्होंने कहा कि एक कहावत है कि जब दुष्कर्म अपरिहार्य हो तो लेट जाओ और इसका आनंद लो। आप ठीक इसी स्थिति में हैं। हालांकि कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष ने नेता के इस टिप्पणी पर कार्रवाई करने की बजाय इस पर वे हंसने लगे।
केआर रमेश कुमार के रेप से जुड़ी टिप्पणी पर कांग्रेस विधायक डॉ अंजलि निंबालकर ने पूरे हाउस को माफी मांगने की बात कही है। उन्होंने देश की हर महिला, मां और लड़कियों से भी माफी मांगने की बात कह रही हैं। इसके अलावा कांग्रेस विधायक सौम्या रेड्डी ने भी इस पर आलोचना करते हुए महिलाओं से माफी मांगने की मांग रखी है।







