गोरखपुर: बड़हलगंज कोतवाली क्षेत्र के भैसवली गांव के महुलिया खजुहा में दो पक्षों में जमकर मारपीट मे एक पक्ष के एक अधेड़ की मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सकों ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
शनिवार की शाम करीब साढ़े छह बजे बड़हलगंज के बाईपास रोड स्थित राष्ट्रीय कन्या विद्यालय के पास महोलिया खजुहा निवासी शैलेश यादव अपनी मोटरसाइकिल सड़क के किनारे खड़ा किए हुए थे। इसी बीच गांव के कुछ लोग वहां आए और शैलेश से मोटरसाइकिल हटाने को कहा। जिस पर शैलेश ने कहा कि मोटरसाइकिल सड़क के किनारे है। वाद विवाद के बाद जब शैलेष घर जा रहा था तभी दूसरे पक्ष के घर के पास उन लोगों ने लाठी डंडे व भाला से शैलेश यादव पुत्र रामराज के ऊपर प्रहार कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंचे शैलेश के पिता रामराज व चाचा दिनेश यादव पुत्र पुल्लू व दुर्ग विजय यादव पुत्र गजराज यादव व नागेंद्र यादव पुत्र श्यामराज पहुंचे। इसी बीच विरोधियों ने सभी के ऊपर भाला व चाकू से प्रहार कर दिया। जिससे रामराज के सीने में भाला लग गया और मौके पर उनकी मौत हो गई।
वहीं शैलेश यादव के हाथ व सिर, दिनेश के सीने व सिर में भाला लगा, परिवार के दुर्गविजय के सिर व नागेंद्र के सिर व हाथ में गंभीर चोट लगी है। जिन्हें सीएचसी लाया गया, जिसके बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सभी की हालत नाजुक बनी हुई है। खासकर दिनेश की हालत ज्यादा गम्भीर हैं। इस घटना को लेकर गांव में तनाव बरकरार है। समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं पड़ी है। पुलिस आरोपियों की तलाश मे दबिश दे रही हैं। कोतवाल मनोज राय ने कहा कि तहरीर नही मिली है, लेकिन मामले से संबंधित कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि गांव में पीएसी की तैनाती कर दी गई है।







