न्यूज़ डेस्क –मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चुनावी सभावो में तेजी लाते हुए दमुआ और सौंसर में की सभा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दमुआ में ऐलान किया कि डब्ल्यूसीएल की जमीन से किसी भी व्यक्ति को नहीं हटाया जाएगा। जो जहां है, वहीं काबिज रहेगा। मुख्यमंत्री आवास अधिकार योजना के तहत हर गरीब को पट्टा दिया जाएगा।
छिंदवाड़ा, नवदुनिया प्रतिनिधि। जिले के 06 नगरीय निकायों में चुनाव प्रचार पूरी तरह चरम पर पहुंच चुका है। मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को दमुआ और सौसर में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनता से आग्रह करते हुए कहा कि जिले में भाजपा को सांसद, विधायक, और महापौर के चुनाव में हार का सामना करना पड़ा, ऐसे में अब कम से कम नगरीय निकाय चुनाव में पार्षदों को तो जितवा दो।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कमल नाथ सरकार के कार्यकाल के दौरान कांग्रेस ने पीएम आवास का पैसा लौटाकर गरीबों का हक छीनने का पाप किया, लेकिन प्रदेश और केंद्र सरकार गरीबों के कल्याण में काम करने के लिए संकल्पित है। सरकार का मकसद भी यही होता है कि आम जनों को अच्छा जीवन बिताने का अधिकार मिल सके।
विशेष तौर पर ऐलान किया की डब्ल्यूसीएल की जमीन पर जो लोग रह रहे हैं, उनको लेकर समस्या है। लिहाजा मैं कहता हूं कि जिस मनुष्य ने जन्म लिया है, उसे रहने के लिए अधिकार तो मिलना ही चाहिए। ऐसे में विश्वास करता हूं कि डब्ल्यूसीएल की जमीन से किसी भी व्यक्ति को नहीं हटाया जाएगा।
जो जहां है, वहीं काबिज रहेगा। इसे लेकर प्रदेश स्तर पर ही यह काम किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार जल्दी ऐसी योजना ला रही है, जिससे शहर में हर गरीब व्यक्ति जो बेघर है, उसे पट्टा मिलेगा। मुख्यमंत्री आवास अधिकार योजना के तहत हर गरीब को पट्टा दिया जाएगा।





