न्यूज़ डेस्क: राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार में मंत्री गोविंद राम मेघवाल ने करवा चौथ को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य है कि आज भी करवा चौथ पर महिला छलनी देखती हैं और पति की उम्र लंबी करने की बात करती हैं… गोविंद राम मेघवाल की इस टिप्पणी के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गहलोत सरकार पर हमलावर है।
समाचार एजेंसी एएनआई ने गहलोत सरकार में मंत्री गोविंद राम मेघवाल का वीडियो साझा किया। जिसके मुताबिक, गोविंद राम मेघवाल ने कहा कि चीन में 80 फीसदी से ज़्यादा महिलाएं हैं, अमेरिका में 50 फीसदी महिलाएं काम करती हैं इसलिए वे देश विज्ञान की दुनिया में जी रहे हैं। दुर्भाग्य है कि आज भी करवा चौथ पर महिला छलनी देखती हैं और पति की उम्र लंबी करने की बात करती हैं…
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पति कभी भी पत्नी की लंबी उम्र के लिए छलनी नहीं देखता है। लोग अंधविश्वास में जी रहे हैं, लोग धर्म, जाति के नाम पर लड़ा रहे हैं। गोविंद राम मेघवाल के इस बयान को लेकर भाजपा ने उनसे माफी की मांग की है। इसके साथ ही अशोक गहलोत से अपने मंत्री के खिलाफ कार्रवाई करने को भी कहा है।