गोरखपुर: चिल्लूपार के कछाराचंल को बाढ़ से स्थाई रूप से मुक्ति दिलाने के लिए चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी ने प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से मुलाकात की है। विधायक राजेश त्रिपाठी ने जल शक्ति मंत्री का ध्यान आकर्षित कराया कि चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र के बड़हलगंज के कछाराचंल मे आछीडीह तक सिंचाई विभाग का बांध बना हुआ है। परन्तु आछीडीह से सरया तक बांध न होने से राप्ती का पानी तरैना और तलभगना नाला होते कछार के पचासो गांवो को डूबो देता है और बाढ़ खत्म होने के बाद भी वहां पानी हमेशा बना रहता है। इसके लिए २०१० से ही हम प्रयासरत रहे और वह कार्ययोजना 2018 में स्वीकृत भी हो गयी जिसमें 5 किमी तटबंध और दो बड़े रेगुलेटर का प्रावधान था। लेकिन वह परियोजना अधूरी थी। उस पर एक पम्प हाउस का प्रावधान न होने से किसानों को स्थाई लाभ नहीं मिल पाता है। अतः अब नई परियोजना स्वीकृत हो जिसमें तटबंध और दो बड़े रेगुलेटर के साथ पम्प हाउस की भी सुविधा से हो ताकि बाढ़ का पानी गांवों और फसलो को न डुबो पाये और बाढ़ के बाद बरसात और बाढ का बचा हुआ पानी पम्प हाउस जरिए वापस राप्ती नदी में फेंक दिया जाये, जिससे जल जमाव से बिमारी नहीं फैलेगी और किसान सभी तरह की फसलें भी उगा सकेंगे। 
इसके अलावा सरयू नदी से बगहा और डेरवा व बल्थर के बीच हो रहे तेज कटान को रोकने के लिए जी आई बैग या बोल्डर पिंचिग कराने की मांग कि ताकि हजारों एकड़ कृषि योग्य भूमि को बचाया जा सके।
एक अन्य मांग पत्र में चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी ने बारानगर से ऊंचगाव के बीच में सरयू नहर के पूरब वाले स्लोप पर पक्की दीवाल बनाने की मांग की है ताकि हर साल नहर टूटने से किसानों की फसल बर्बादी को रोका जा सके।
जल शक्ति मंत्री ने आश्वासन की शीघ्र ही मुख्य अभियंता सिंचाई आपके साथ बैठक कर इन पर परियोजना की रूप रेखा तय करेंगे ताकि आपकी विधानसभा को बाढ़ की परेशानी से शीघ्र मुक्ति दिलाई जा सके ।






