न्यूज़ डेस्क: दिल्ली के कांग्रेस मुख्यालय में आज शाम को अचानक आग लग गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां कांग्रेस मुख्यालय में पहुंची। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया है। अभी तक आग की वजह से किसी तरह के नुकसान की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। 24 अकबर रोड में आग लगने की वजहों का पता लगाया जा रहा है। पूरे मामलों को लेकर जांच भी जारी है।
बता दें कि आजादी मिलने के बाद से कांग्रेस का मुख्यालय 7 जतंर मंतर हुआ करता था। बाद में इंदिरा गांधी ने विंडसर प्लेस को अपना अस्थाई पार्टी ऑफिस बनाया, जो नेहरू सरकार में उपमंत्री रहे एमवी कृष्णाप्पा का आवास था। वहां से कांग्रेस मुख्यालय को 5 राजेन्द्र प्रसाद रोड ले जाया गया। 1978 में कांग्रेस का स्थाई कार्यालय 24 अकबर रोड को बनाया गया। आठ कमरों का यह बंगला 1911 और 1925 के बीच सर एडविन लुटियंस ने बनवाया था। कांग्रेस मुख्यालय बनाए जाने से पहले यह बंगला इंदिरा गांधी के करीबी और वफादार राज्यसभा सांसद जी. व्यंकटेश्वर के नाम आवंटित था।