न्यूज़ डेस्क: पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह को बृहस्पतिवार को भदौड़ और चमकौर साहिब सीटों से आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवारों से शिकस्त का सामना करना पड़ा। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, भदौड़ सीट से चन्नी को आप के प्रत्याशी लाभ सिंह उगोके ने 37,558 मतों से शिकस्त दी है।
वहीं चमकौर साहिब सीट से मौजूदा मुख्यमंत्री को आप के चरणजीत सिंह ने 7942 मतों से पराजित किया है। कांग्रेस ने अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखने के वाले चन्नी को दो सीटों से उतारा था लेकिन वह एक भी सीट से चुनाव नहीं जीत पाए। पार्टी को अमरिंदर सिंह को हटाने और किसान आंदोलन का भी फायदा नहीं मिला।
कांग्रेस ने 117 सदस्यीय विधानसभा में नौ सीटें जीती हैं और नौ अन्य पर आगे चल रही है। आप ने अबतक 62 सीटों पर जीत दर्ज कर साधारण बहुमत हासिल कर लिया है और 30 अन्य सीटों पर आगे चल रही है। पंजाब में प्रचंड बहुमत से वह अगली सरकार बनाएगी।
शिअद संरक्षक प्रकाश सिंह बादल लम्बी सीट से हारे
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल पंजाब के मुक्तसर जिले में अपनी पारंपरिक लम्बी सीट से आम आदमी पार्टी के गुरमीत सिंह खुडियां से चुनाव हार गए हैं। पंजाब विधानसभा चुनाव में इस सीट के लिए बृहस्पतिवार को घोषित नतीजों के अनुसार, चुनाव में सबसे बुजुर्ग उम्मीदवार बादल (94) को खुडियां ने 11,396 मतों के अंतर से हराया।
पांच बार के मुख्यमंत्री को हराने पर खुडियां ने कहा, ‘‘मैं उनके (बादल) खिलाफ चुनाव लडऩा चाहता था और आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने मुझ पर भरोसा जताया। मेरी इच्छा बादल के खिलाफ चुनाव लडऩे की थी।’’ उन्होंने कहा कि ज्यादातर नेता शिअद के दिग्गज नेता से उनके गढ़ लम्बी में चुनाव लडऩे से कतराते हैं। खुडियां ने कांग्रेस से टिकट न मिलने के बाद पार्टी छोड़ दी थी और आप में शामिल हो गए थे। बादल परिवार पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा, ‘‘देखिए वे अब (तीन सीटों) कहां खड़े हैं…यह पार्टी के लिए बहुत दुख की बात है।’’