पिपरौली (ज्वाला निगम): प्रदेश की योगी सरकार विकास के हर मुद्दे पर अव्वल है, इसके पहले की सपा, बसपा और कांग्रेस की सरकारों में मंत्रियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगता था पर आज योगी सरकार के किसी मंत्री पर किसी भी तरह का भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा। गुंडे माफिया जेल में है, अवैध रूप से कमाई गई उनकी संपत्ति पर बुलडोजर चला है।
उक्त बातें मंगलवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सहजनवा विधानसभा के पिपरौली में भाजपा प्रत्याशी प्रदीप शुक्ला के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का मान सम्मान ऊंचा हुआ है, पहले भारत की बातों को दुनिया सुनती ही नहीं थी। आज हमारी बातों को सुना भी जाता है और महत्व भी दिया जाता है। यह भाजपा सरकार में ही संभव हुआ है, महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जल्द ही इस समस्या से हम लोग मिलकर निजात पा लेंगे, आज भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार में कमी आई है। सभी नागरिकों को राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। अतः आप लोगों से अपील है कि प्रदीप शुक्ला को विजई बनाकर विधानसभा भेजें।
कार्यक्रम को पूर्व विधायक जी एम सिंह, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री अश्वनी त्रिपाठी इत्यादि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर आर डी सिंह ने किया तथा अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह ने किया। इस अवसर पर पिपरौली ब्लाक प्रमुख दिलीप कुमार यादव, पूर्व विधायक बृजेश सिंह, रामपाल सिंह, राम प्रकाश शुक्ला, प्रभाकर दुबे ,राम बुझारत पासी, प्रेमपाल गुप्त, धर्मराज गौंड, रवि प्रताप सिंह, आकाश गुप्ता, भानु प्रताप सिंह, प्रभाकर सिंह, लल्ला सिंह सहित दर्जनों की संख्या में हजारों की भीड़ उपस्थित रही।






