न्यूज़ डेस्क: दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने नौ जनवरी को गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं को दिल्ली के गुरुद्वारों में जाने की अनुमति दे दी है। इस संबंध में डीडीएमए ने शनिवार को आदेश जारी कर दिया। डीडीएमए ने सिख गुरु गोविंद सिंह की जयंती के अवसर पर विशेष अनुमति दी है। मगर कोविड मानदंडों का पालन करना होगा। इससे पहले शहर में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों के बीच अधिकारियों ने दिल्ली में धार्मिक स्थलों को खुले रहने की अनुमति दी थी, लेकिन आगंतुकों को आने की अनुमति नहीं थी।
आदेश में कहा गया है कि नौ जनवरी को होने वाले गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर भक्तों को दिल्ली के गुरुद्वारों में जाने की अनुमति दी जाएगी, लेकिन कोविड दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करना होगा। इसके तहत मास्क लगाना और शारीरिक दूरी का पालन करना अनिवार्य होगा। थर्मल स्क्रीनिंग, स्वच्छता पर ध्यान देना होगा और सैनेटाइजर जैसी व्यवस्था करनी होगी। आदेश के अनुसार दिल्ली के सभी जिला मजिस्ट्रेट और जिला डीसीपी यह सुनिश्चित करेंगे कि केंद्र और दिल्ली सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का आगंतुकों के साथ-साथ गुरुद्वारा प्रबंधन समितियों द्वारा सख्ती से पालन किया जाए।






