बड़हलगंज: नेशनल स्पोर्टिंग क्लब बड़हलगंज के तत्वावधान में आयोजित ऑल इंडिया फुटबॉल टूर्नामेंट के पांचवे दिन सेमीफाइनल मुकाबले में खैराबाद की टीम ने सैफई के खिलाफ 2-0 व गाजीपुर की टीम ने पेनाल्टी शूट में 5-4 से बक्सर के खिलाफ जीतकर फाइनल मुकाबले में प्रवेश कर गया।
रविवार को नेशनल इंटर कॉलेज के मैदान में चल रहे ऑल इंडिया फुटबॉल प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले का पहला मैच मॉडर्न स्पोर्टिंग क्लब खैराबाद व स्पोर्ट्स हॉस्टल क्लब सैफई के बीच खेला गया। मैच के पहले हॉफ में खैराबाद के खिलाड़ी कासिम ने 31 वें मिनट में पहला गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। दूसरे हॉफ में भी खैराबाद के खिलाड़ी विल ने दूसरा गोल दागकर अपनी टीम को जीत दिलाने के साथ ही फाइनल मुकाबले में प्रवेश दिला दिया। इससे पूर्व भाजपा नेता वीरु मोदनवाल, एचडीएफसी बैंक के मैनेजर अनूप सक्सेना व भाजयुमों नेता राहुल तिवारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ कराया।
दूसरा मैच कामाख्या क्लब बक्सर व टाउन क्लब गाजीपुर के बीच खेला गया। जिसमें गाजीपुर के खिलाड़ी इरफान ने मैच के पहले हॉफ के 30वें मिनट में पहला गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। वहीं दूसरे हॉफ के खेल में बक्सर की टीम के खिलाड़ी छोटे ने 37वें मिनट पर गोल दागकर टीम को बराबरी पर ला दिया। ततपश्चात पेनाल्टी शूट में 5-4 से गाजीपुर ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इससे पूर्व डॉ विक्रम सोनकर, महेंद्र नाथ मिश्रा, सोमनाथ यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ कराया।
निर्णायक खुर्शीद आलम, अमीर खान व सगीर खान रहें, जबकि उद्द्घोषक की भूमिका मुन्ना शाही व वीरेंद्र कुमार ने निभाई। चेयरमैन प्रतिनिधि बीरु सोनकर, श्रवण जायसवाल, रविन्द्र सिंह उज्जैन व इम्तियाज अहमद ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान कमेटी के अशोक जायसवाल, डॉ परमहंस सिंह, आजाद अहमद, कृष्णा मोदनवाल, विनय जायसवाल, चुन्नू, सरफराज, पप्पू, शिवप्रकाश यादव, रामनगीना आदि मौजूद रहे।







