न्यूज़ डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने सोमवार को बताया कि प्रदेश में स्वतंत्र, निष्पक्ष, समावेशी, शान्तिपूर्ण एवं कोविड सुरक्षित मतदान के लिये चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गयी है. यूपी विधान सभा सामान्य निर्वाचन-2022 के लिए तृतीय चरण के मतदान के लिए 25 जनवरी यानी मंगलवार को अधिसूचना (नोटिफिकेशन) जारी की जाएगी. इसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी.
तीसरे चरण की 59 विधानसभा सीटों पर होगा नामांकन
तीसरे चरण के 16 जिलों हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, मैनपुरी, फर्रूखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर, एवं महोबा की 59 विधान सभा सीटों के लिये नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया प्रारम्भ हो जायेगी. तीसरे चरण की 59 विधान सभा सीटों में 15 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं.
तीसर चरण में दो लाख से अधिक मतदाता
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पांच जनवरी को प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार, तीसरे चरण में कुल 2,15,75,430 मतदाता हैं. इसमें 1,16,12,010 पुरुष मतदाता, 99,62,324 महिला मतदाता और 1,096 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं. उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदान का समय सुबह 7 बजे से सायं 6 बजे तक निर्धारित किया गया है.
तीसरे चरण के लिए एक फरवरी तक होगा नामांकन
तीसरे चरण के नामांकन की अंतिम तारीख एक फरवरी है. नामांकन की जांच दो फरवरी को की जायेगी. नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 4 फरवरी निर्धारित की गई है. तीसरे चरण का मतदान 20 फरवरी को सम्पन्न होगा. मतगणना 10 मार्च होगी.
16 जिलों की इन 59 सीटों के लिए होगा नामांकन
हाथरस (SC), सादाबाद, सिकन्दराराऊ, टुण्डला (SC), जसराना, फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, सिरसागंज, कासगंज, अमांपुर, पटियाली, अलीगंज, एटा, मारहरा, जलेसर (SC), मैनपुरी, भोगांव, किशनी (SC), करहल, कायमगंज (SC), अमृतपुर, फर्रूखाबाद, भोजपुर, छिबरामऊ, तिर्वा, कन्नौज (SC), जसवन्तनगर, इटावा, भरथना (SC), बिधूना, दिबियापुर, औरैया (SC), रसूलाबाद (SC), अकबरपुर-रनिया, सिकन्दरा, भोगनीपुर, बिल्हौर (SC), बिठूर, कल्याणपुर, गोविन्दनगर, (213) सीसामऊ, आर्यनगर, किदवई नगर, कानपुर कैण्ट, महाराजपुर, घाटमपुर (SC), माधौगढ़, कालपी, उरई, बबीना, झांसी नगर, मऊरानीपुर (SC), गरौठा, ललितपुर, महरौनी (SC), हमीरपुर, राठ (SC), महोबा और चरखारी विधान सभा सीट शामिल हैं.







