न्यूज़ डेस्क: भारत में कोरोना का खतरा बढ़ता जा रहा है. लगातार मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए पाबंदियों का दौर भी शुरू हो गया है. कोरोना की तीसरी लहर की चेतावनी पहले से ही जारी है. वहीं, दुनिया में ओमिक्रॉन और डेल्टा की वजह से कोरोना की सुनामी आने की चेतावनी WHO ने दे डाली है.
राजस्थान में ओमिक्रॉन से दूसरी मौत
उदयपुर में 75 वर्षीय ओमिक्रॉन संक्रमित की मौत हो गई है. न्यूज चैनल आजतक के खबर के अनुसार मौत से पहले बुजुर्ग का ओमिक्रॉन टेस्ट नेगेटिव आ चुका था.
तेलंगाना के रंगारेड्डी में 38 छात्र संक्रमित
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में एक निजी कॉलेज में कोरोना ब्लास्ट हुआ है. यहां करीब 38 छात्र संक्रमित पाए गए हैं.
ओमिक्रॉन के 1 हजार 270 मामले
शुक्रवार सुबह स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़ों के अनुसार भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 16 हजार 764 नए मामले सामने आए हैं. जबकि 7 हजार 585 ठीक हुए और वहीं, 220 लोगों की मौत हुई. फिलहाल देश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 91 हजार 361 हो गया है. वहीं, रिकवरी रेट 98.36 फीसदी है. इधर देश में ओमिक्रॉन मामलों की संख्या 1 हजार 270 हो गई है.
देश में ओमिक्रॉन से पहली मौत
कोरोना के नये वैरिएंट ओमिक्रॉन की वजह से देश में पहली मौत का मामला सामने आया है. महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग ने इस बाबत जानकारी दी है कि नाइजीरिया से लौटे 52 वर्षीय शख्स की 28 दिसंबर को पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ के अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई. मृतक को 13 साल से मधुमेह था. इनकी मौत का कारण गैर-कोविड बताया गया. गुरुवार को आई एनआईवी की रिपोर्ट से पता चला की शख्स ओमिक्रोन संक्रमित था.
झारखंड में कोरोना का आंकड़ा
झारखंड में कोरोना का ग्राफ काफी बढ़ा है. बीते बुधवार एक दिन में 344 मामले सामने आए तो वहीं, गुरूवार को 482 नए मरीज मिले हैं. सबसे अधिक संक्रमित 246 राजधानी रांची से मिले हैं.
झारखंड सहित आठ राज्यों को केंद्र ने लिखा पत्र
देश में आठ राज्यों के 14 शहरों में कोविड के मामलों में अचानक वृद्धि को देखते हुए केंद्र सरकार सतर्क हो गयी है. सरकार ने आठ राज्यों झारखंड, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, हरियाणा, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, गुजरात और कर्नाटक झारखंड को पत्र लिख कर कोरोना से बचाव के लिए बताये गये निर्देशों का पालन करने को कहा है. केंद्र ने जिन शहरों को लेकर चिंता जतायी है उनमें रांची, कोलकाता, गुरुग्राम, नयी दिल्ली, अहमदाबाद, राजकोट, सूरत, चेन्नई, बेंगलुरु, ठाणे, पुणे, मुंबई और नागपुर शामिल हैं.
क्या कहते हैं आंकड़ें
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि फिलहाल दुनिया में 2.68 करोड़ कोरोना के सक्रिय मामले हैं. वहीं, बीते 29 दिसंबर 2021 को दुनियाभर में कोरोना के 17 लाख मामले दर्ज किए हैं. अमेरिका में इसके 28.8 फीसदी(सबसे अधिक) ब्रिटेन में 12.5 फीसदी मामले हैं. सक्रिय मामलों की संख्या के मामले में तीसरे नंबर पर फ्रांस चौथे पर स्पेन है. बात भारत की करें तो अभी यहां देश में कोरोना के 82 हजार सक्रिय मामले हैं.







