न्यूज़ डेस्क: नए साल में बैंक के एटीएम इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों की जेब खाली हो सकती है। दरअसल कई बैंक एटीएम से लेनदेन पर लगने वाले शुल्क में वृद्धि की तैयारी कर रहे हैं। इसमें स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने जहां पहले ही बढ़ा दिए हैं तो वहीं पंजाब नेशनल बैंक ने भी एटीएम पर लगने वाले शुल्क में वृद्धि का ऐलान कर दिया है।
पंजाब नेशनल बैंक ने ऐलान किया है कि 21 जनवरी से एटीएम से फ्री लिमिट के अलावा अगर लेनदेन करते हैं तो ग्राहकों को 21 रूपए चुकाना होगा। जबकि नॉन कैश संबंधी कार्य मसलन खाते में बैलेंस संबंधी जानकारी लेने के लिए 10 रूपए अदा करना होगा। इस राशि के साथ ही इस पर जीएसटी भी चुकाना होगा। बता दें कि अभी यह 15 व पांच रूपए है।
एसबीआई ने इस बाबत एक सर्कुलर पिछले दिनों जारी कर दरों में संशोधन किया था और बैंक अधिकारियेां ने माना कि पंजाब एंड सिंध बैंक भी जनवरी में एटीएम से निकासी व अन्य सेवाओं की दरों को संशोधित कर सकता है। वहीं कई अन्य सरकारी बैंकों के अधिकारी भी मानते हैं कि उनके बैंक में भी वृद्धि के प्रस्ताव हैं और औपचारिक आदेश जनवरी में आ सकते हैं। अधिकारी मानते हैं कि एटीएम पर निवेश, रखरखाव, सुरक्षा आदि पर होने वाले खर्चों को देखते हुए यह वृद्धि करने के प्रस्ताव बनाए जा रहे हैं।






