वृंदावन। वृंदावन के कुंभ मैदान में लगी हुनर हाट में कचरे से खाद बना कर लोगों को बांटी जा रही है। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की इस पहल का स्वागत कर रहे हैं। हुनर हाट में फूड वेस्ट मैटेरियल से कंपोस्ट खाद बनाने का प्लांट लगाया गया है। ये प्लांट 8 घंटे में कचरे को खाद में बदल देता है और उसके बाद हुनर हाट की टीम उस खाद को बैग में भर के लोगों को दे रही है।
दिल्ली की स्टार्ट अप कंपनी क्लीन इंडिया वेंचर्स द्वारा मेक इन इंडिया के तहत निर्मित इस मशीन की क्षमता 500 किलोग्राम प्रति दिन कूड़े का निपटारा करने की है। हुनर हाट के कूड़े को हुनर हाट में ही खत्म करने के उद्देश्य से लगाई गई मशीन एक पंथ दो काज की तरह कारगर है। कूड़े को डंप करने से छुटकारा मिलता है और प्रदूषण भी नहीं फैलता। हुनर हाट में आए दर्शकों को ये खाद बनाने और फिर इस खाद का मुफ़्त वितरण खूब पसंद आ रहा है। लोग खाद को अपने घर ले जा रहे हैं और घर के बगीचे में इस्तेमाल कर रहे हैं।






