न्यूज़ डेस्क: अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले पीएम नरेंद्र मोदी एक बार फिर उत्तर प्रदेश के दौरे पर जाने वाले हैं और इस बार वह झांसी का दौरा करेंगे. पीएम मोदी का शुक्रवार को झांसी में कार्यक्रम प्रस्तावित है और रानी लक्ष्मीबाई की जयंती के मौके पर पीएम मोदी ‘राष्ट्र रक्षा संपर्ण पर्व’ के तहत रक्षा क्षेत्र की कई पहलों की शुरुआत करेंगे. साथ ही अटल एकता पार्क का भी लोकार्पण करेंगे.
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की तरफ से जारी सूचना के मुताबिक, 19 नवंबर को झांसी की अपनी यात्रा के दौरान पीएम मोदी 17 से 19 नवंबर को झांसी में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के रूप में आयोजित होने वाले ‘राष्ट्र रक्षा संपर्ण पर्व’ में रक्षा क्षेत्र की कई पहलों की शुरुआत करेंगे और उसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे. पीएम मोदी एंटी टैंक गाइडेड मिसाइलों के लिए प्रणोदन प्रणाली बनाने के लिए यूपी डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के झांसी नोड पर 400 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट का शिलान्यास भी करेंगे.






