न्यूज़ डेस्क: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दीपावली के पावन अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं. राष्ट्रपति ने कहा, ‘दीपावली के शुभ अवसर पर मैं सभी देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं. दीपावली बुराई पर अच्छाई की और अंधकार पर प्रकाश की विजय का पर्व है. आइए, हम सब मिलकर, इस त्योहार को स्वच्छ और सुरक्षित तरीके से मनाएं और पर्यावरण की रक्षा में योगदान करने का संकल्प लें.’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दिवाली के शुभ अवसर पर बधाई दी है. अपने संदेश में पीएम मोदी ने कहा, ‘दीपावली के पावन अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं. मेरी कामना है कि यह प्रकाश पर्व आप सभी के जीवन में सुख, संपन्नता और सौभाग्य लेकर आए.’
दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मिल-जुलकर खुशियां बांटने से पर्व का उल्लास बढ़ता है। जनप्रतिनिधियों सहित प्रदेश सरकार के अधिकारियों और कर्मचारियों से दीपावली पर समाज के निर्धन और कमजोर वर्गों के लोगों के साथ पर्व की खुशियों में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा दीपावली पर केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों सहित अन्य जरूरतमंदों के आवास पर पहुंचकर दीप जलाने व मिठाई बांटने से समाज के सभी लोगों के लिए दीपावली का यह पर्व विशेष हो जाएगा।







