न्यूज़ डेस्क: कोरोना के नए स्वरूप ओमिक्रॉन के प्रसार की रोकथाम के मद्देनजर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो उनकी सरकार क्रिसमस और नववर्ष से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन पर रोक लगा सकती है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान के हालात को देखते हुए ऐसे किसी उपाय की आवश्यकता नहीं है।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार संक्रमण के ओमिक्रॉन स्वरूप से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और वह इस मुद्दे पर लगातार विशेषज्ञों से संपर्क बनाए हुए हैं। दिल्ली में अब तक ओमिक्रॉन स्वरूप के दो मरीज सामने आए हैं। दिल्ली सचिवालय में एक कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर जरूरत पड़ेगी तो हम प्रतिबंध लगाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह तैयार है। मैंने ऑक्सीजन आपूर्ति,अस्पतालों में बेड और दवाओं के संबंध में कई समीक्षा बैठक की है। हम दिल्ली में ओमिक्रॉन संकट नहीं चाहते, लेकिन अगर ऐसा कुछ होता है तो हम तैयार हैं।
उधर दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि दिल्ली में कोरोना के मरीज भले ही बहुत कम आ रहे हैं, सभी जिलों में कोरोना के मामले घट चुके हैं। कोरोना के कम हो चुके संक्रमण के बाद भी भविष्य की चिंता को देखते हुए मुख्य सचिव विजय देव ने नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती जारी रखने का एक बार फिर निर्देश दिए हैं। अपने निर्देश में उन्होंने कहा है कि किसी तरह की ढिलाई नहीं दी जाए।






