बड़हलगंज: मेरी पहचान एक पहलवान के रुप में शुरू से रही है। पहलवान हर मोर्चे पर चुनौतियों के लिए तैयार रहता है। चिल्लूपार की जनता भी इस बार परिवर्तन को तैयार है, चाहे किसी भी प्रकार की चुनौती क्यों न हो।
उक्त बातें चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेता व जिला पंचायत सदस्य माया शंकर शुक्ल ने जन आशीर्वाद यात्रा के सातवें व अंतिम दिन समापन के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मैं पहलवान हूं, और चुनौती मुझे पसन्द है। क्षेत्र की जनता के सम्मान व विकास के लिए चलना ही मेरा धर्म है। उन्होंने कहा कि चिल्लूपार की जनता में परिवर्तन की मांग उठ रही है, वह क्षेत्र में विकास को गति देना वाला बेटा चुनना चाहती है। जनता इस बार चिल्लूपार में कमल अवश्य खिलायेगी। उन्होंने कहा कि एक समझदार किसान अपने खेत मे बीजों का चयन बहुत ही समझदारी से करता है और एक ही बीज का बार-बार प्रयोग नही करता है। उसी प्रकार स्वस्थ लोकतंत्र के लिए यह जरुरी है कि सबको समान रुप से मौका मिलना चाहिए।
सतीश चन्द्र शुक्ल ने कहा कि माया शंकर शुक्ला विगत 10 वर्षों से क्षेत्र में बने हुए हैं, क्षेत्र के लोगों को भली-भांति जानते और पहचानते हैं। क्षेत्र के लोग भी उनको जानते हैं, अगर पार्टी उन पर दांव लगाती है तो यह निश्चित और तय है कि चिल्लूपार में कमल खिलेगा। इससे पूर्व यात्रा सिधुआपार से शुरु होकर तिहा मोहम्मदपुर, नेदुआ, बिमुटी, सिरकिरा, मंझरिया, बेलसड़ा, बाघागड़ा, पड़ौली होते शिवपुर में सभा स्थल पर जाकर समाप्त हुई। सभा का संचालन सतीश चंद्र शुक्ला जबकि अध्यक्षता सुकरौली ग्राम प्रधान उमेश सिंह ने किया। इस दौरान प्रधान राकेन्द्र द्विवेदी, अंकित चंद, राकेश सिंह, गिरीश शुक्ल, सचितानन्द दुबे, रत्नेश तिवारी, मुरारी शुक्ल, राकेश दुबे, असरफ अली, मंजूर, श्याम कुमार गुप्ता, आयुष शुक्ल, पवन मौर्य, विवेक तिवारी सहित सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे।






