न्यूज़ डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को गोली मारे जाने की घटना से वह व्यथित हैं। उन्होंने आबे के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
उन्होंने एक ट्वीट में कहा, मेरे प्रिय मित्र शिंजो आबे पर हमले की खबर सुनकर व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके, उनके परिजनों और जापान की जनता के साथ है। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री आबे पर देश के पश्चिमी हिस्से में चुनाव प्रचार के एक कार्यक्रम में भाषण के दौरान शुक्रवार को गोली चलायी गयी।
जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर पश्चिमी जापान में एक चुनावी कार्यक्रम में भाषण के दौरान गोली चलायी गयी। गोली लगने के बाद आबे को दिल का दौरा (हार्ट फेलियर) पड़ा और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जापान के लोक प्रसारक ‘एनएचके’ ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
‘एनएचके’ ने घटना का एक फुटेज प्रसारित किया है, जिसमें 67 वर्षीय आबे को सड़क पर गिरते हुए देखा जा सकता है और कई सुरक्षाकर्मी उनकी ओर भागते हुए देखे जा सकते हैं। आबे जब जमीन पर गिरे तो उन्होंने अपने सीने पर हाथ रखा हुआ था तथा उनकी कमीज पर खून लगा हुआ देखा गया। आबे को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।






