न्यूज़ डेस्क: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली सरकार घर पर ही पृथक- वास में रह रहे कोविड-19 के मरीजों के लिए बुधवार से ऑनलाइन योग कक्षाएं शुरू करेगी।
उन्होंने कहा कि इस पहल के तहत संक्रमितों को योग कक्षाओं में पंजीकरण कराने के लिए एक लिंक भेजा जाएगा। बुधवार से प्रशिक्षित प्रशिक्षक सुबह- शाम एक घंटे कक्षाएं देंगे। हर कक्षा में 15 मरीज होंगे। इस दौरान प्रशिक्षक और मरीज एक-दूसरे से बात भी कर पाएंगे।
केजरीवाल ने कहा कि योग से रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने घर पर ही पृथक- वास में रह रहे करीब 40,000 मरीजों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने की व्यवस्था की है।
दिल्ली में निजी कार्यालयों को घर से काम करने का आदेश
कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर दिल्ली सरकार ने छूट प्राप्त श्रेणी में आने वाले कार्यालयों को छोड़कर सभी निजी कार्यालयों को बंद रखने के मंगलवार को निर्देश जारी किए। जो निजी कार्यालय अभी तक 50 प्रतिशत कार्य क्षमता के साथ काम कर रहे थे, उनसे अब घर से काम करने की प्रक्रिया का पालन करने को कहा गया है।
दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी आदेश के तहत शहर के रेस्तरां और बार बंद करने का भी निर्देश दिया गया है। बहरहाल, रेस्तरां को घर पर भोजन पहुंचाने की सुविधा देने की अनुमति है। इसके अलावा लोग रेस्तरां से पैक कराकर भोजन ले जा सकते हैं। शहर के सरकारी कार्यालय अभी तक 50 प्रतिशत कर्मचारियों की उपस्थिति के साथ काम कर रहे हैं।







