न्यूज़ डेस्क: समाजवादी पार्टी ने 159 प्रत्याशियों की सूची सोमवार को जारी की. उन्नाव से सपा ने अभिनव कुमार को अपना प्रत्याशी बनाया है. वह उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता की मां के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे. इस पर कांग्रेस ने सपा पर हमला बोला है. कांग्रेस ने कहा कि सपा की महिला विरोधी मानसिकता एक बार फिर उजागर हो गई है.
भाजपा और सपा घोर महिला विरोधी- कांग्रेस
यूपी कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा, सपा ने उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता की मां को हराने के लिए उनके खिलाफ अपना प्रत्याशी उतारा है. भाजपा अपने बलात्कारी विधायक के साथ खड़ी थी और सपा भी पीड़िता के खिलाफ खड़ी है. यह दोनों पार्टियां घोर महिला विरोधी हैं.
सपा की मानसिकता महिला विरोधी- कांग्रेस
कांग्रेस ने कहा, पहले गेस्ट हाउस कांड में सपाइयों ने एक महिला नेता का वस्त्र खींचकर अपमानित किया. फिर नेताजी (मुलायम सिंह यादव) ने कहा, लड़कों से गलतियां हो जाती हैं. आज उन्हीं के लड़के ने उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता की मां के विरोध में प्रत्याशी उतारकर सिद्ध कर दिया कि गलतियां नहीं, यही इनकी महिला विरोधी मानसिकता है.
अखिलेश यादव की सोच उनके कार्यकर्ताओं से भी गई गुजरी- कांग्रेस
कांग्रेस का कहना है कि जब उसने उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता की मां को सशक्त कर राजनीति में उतारने का काम किया, तब देश की आम जनता और सम्मानित बुद्धिजीवियों ने इसका स्वागत करते हुए सराहना की, लेकिन अखिलेश यादव ने उनके खिलाफ प्रत्याशी उतारकर आज यह बता दिया कि उनकी सोच उनके कार्यकर्ताओं से भी गई-गुजरी है.
यूपी पुलिस ने अत्याचार का राज स्थापित किया- प्रियंका गांधी
इससे पहले कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट कर यूपी सरकार पर हमला बोला है. प्रियंका ने कहा, खबरों के अनुसार लखीमपुर में थारू जनजाति के एक युवक की पुलिस हिरासत में पीट-पीट कर हत्या कर दी गई. आगरा में अरुण वाल्मीकि, गाजीपुर में नरेंद्र पासवान जैसे कई मामलों में यूपी सरकार की पुलिस ने संविधान व कानून के राज को रौंदते हुए अत्याचार का राज स्थापित किया.
संविधान की रक्षा के लिए तैयार है यूपी की जनता- प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने आगे कहा, यूपी की जनता इन 5 सालों का हिसाब मांगने के लिए तैयार है. वह संविधान की रक्षा के लिए तैयार है, जोकि जनता का रक्षा कवच है. भाजपा सरकार ने इस रक्षा कवच को तहस-नहस किया है.







