न्यूज़ डेस्क: मथुरा जिले के सुरीर क्षेत्र के पास शुक्रवार तड़के यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मध्यप्रदेश पुलिस के तीन जवानों सहित पांच लोगों की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आगरा से नोएडा की ओर आते समय बोलेरो कार डिवाइडर से टकराकर बीच सड़क पर पलट गई। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा इतना भयानक था कि पुलिस की बोलेरो कार दो हिस्सों में बंट गई। हादसे का शिकार हुए लोग काफी देर तक कार में फंसे रहे। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से कड़ी मशक्कत से कार से बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए करीब के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मृतकों में महिला कांस्टेबल भी शामिल
सड़क हादसे का शिकार हुए लोगों में एक महिला कांस्टेबल भी शामिल है। वहीं एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है। घटना में मुख्य आरक्षी भवानी प्रसाद, महिला आरक्षी हीरा देवी, चालक जगदीश, पुलिस सहाययक रवि कुमार की मौके पर मौत हो गई। वहीं, आरक्षी कमलेंद्र यादव ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मुख्य आरक्षी रतिराम, धर्मेंद्र कुमार और प्रीति का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
अगवा महिला की बरामदगी के लिए दबिश में जा रही थी पुलिस टीम
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के थाना बूडेरा क्षेत्र से एक युवती को एक युवक अगवा कर ले साथ ले गया था। किशोराी की बरामदगी में जुटी पुलिस को आरोपी युवक की लोकेशन हरियाणा के बहादुरगढ़ में मिली रही थी।
पुलिस टीम अगवा की गई युवती को बरामद करने के लिए हेड कांस्टेबल भवानी प्रसाद, कांस्टेबल रतिराम, कमलेन्द्र यादव और महिला कांस्टेबल हीरा देवी हरियाणा के बहादुरगढ़ दबिश में जा रही थी। पुलिस के साथ आरोपितों के रिश्तेदार भी बोलेरो कार में सवार थे।
एक्सप्रेस-वे पर लगा लम्बा जाम
हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की लम्बी कतार लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बोलेरो कार को सड़क किनारे कराया जिसके बाद यातायायत सुचारू हो सका। स्थानीय पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।







