बड़हलगंज: बीते 8 दिसम्बर को तमिलनाडु के कुन्नूर क्षेत्र में हुये प्लेन क्रैश में मृत हुये सीडीएस विपिन रावत सहित कुल 13 जवानों को उपनगर के विभिन्न सामाजिक संगठनों व गणमान्यों ने श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।
गुरुवार को पं दीनदयाल चौक में सर्राफा व्यापार मंडल के अध्यक्ष गंगा सोनी व महामंत्री प्रभुनाथ सोनी, व्यापार मंडल अध्यक्ष श्रीकांत सोनी सहित सैकड़ों सर्राफा व्यापारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर जवानों के आत्मा के शांति की प्रार्थना की। देर शाम भाजपा नेता व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य माया शंकर शुक्ल के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने उपनगर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस पार्क पर एकत्रित होकर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सैकडों कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर मृत आत्माओं के शांति की प्रार्थना की। सभी ने एक सुर में कहा कि सीडीएस विपिन रावत का इस तरह जाना भारतीय सेना के लिए एक बड़ी क्षति है। भारतीय सेना ने रावत के रुप में अपना नायाब हीरा खो दिया है।





