न्यूज़ डेस्क: पंजाब कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू करतारपुर कॉरिडोर के पुनः खुलने के ठीक तीन दिन बाद शनिवार को गुरुद्वारा करतारपुर साहिब में दर्शन करने पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया. इस दौरान सिद्धू ने करतारपुर प्रोजेक्ट की प्रबंधन इकाई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद लतीफ के साथ भी चर्चा की और कहा कि ‘पाक पीएम इमरान खान मेरे बड़े भाई की तरह हैं.’
उल्लेखनीय है कि सिद्धू का करतारपुर जाने का कार्यक्रम हालांकि 18 नवंबर को तय था. मगर गृह मंत्रालय ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए उनका नाम तीसरे जत्थे की सिख श्रद्धालुओं की सूची में शामिल कर दिया था. सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व में जाने वाले प्रतिनिधिमंडल में सिद्धू का नाम शामिल नहीं था, जो गुरुवार को करतारपुर साहिब पहुंचा था. सिद्धू को बुधवार की देर रात बताया गया कि गुरुपर्व के एक दिन बाद यानी 20 नवंबर को करतारपुर साहिब गुरुद्वारे में आने वाले VIP लोगों की तीसरी सूची में उनका नाम शामिल है. उनके मीडिया सलाहकार जगतार सिद्धू ने बताया कि, ‘अनुमति लेने के लिए फॉर्म वक़्त पर भरा गया था. किन्तु PPCC अध्यक्ष को चन्नी के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल में शामिल नहीं किया गया.’






