बूंदी: ए.सी.बी. मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी की भीलवाड़ा प्रथम इकाई द्वारा आज कार्यवाही करते हुये मानसिंह उपनिरीक्षक थानाधिकारी पुलिस थाना डाबी , जिला बूंदी को परिवादी से 40 हजार रुपये रिश्वत राशि लेते हुये रंगे हाथों गिरफ्तार किया है । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक श्री भगवान लाल सोनी ने बताया कि ए.सी.बी. की भीलवाड़ा – प्रथम इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि उसकी लाईसेंसी शराब की दूकान की ब्रांच चलाने की अनुमति देने की एवज में मानसिंह उपनिरीक्षक थानाधिकारी पुलिस थाना डाबी , जिला बूंदी द्वारा मासिक बन्धी के रूप में 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगकर परेशान किया जा रहा है। जिस पर एसीबी की भीलवाड़ा – प्रथम इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोलाराम यादव के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया जाकर आज पुलिस निरीक्षक श्रीमती दीपिका राठौड़ एवं उनकी टीम द्वारा ट्रेप कार्यवाही करते हुये मानसिंह पुत्र श्री रामकिशन जाट निवासी मकान नं 0 627 – सी , जयहिन्द नगर , थाना बोरखेड़ा , जिला कोटा हाल उपनिरीक्षक थानाधिकारी पुलिस थाना डाबी , जिला बूंदी को परिवादी से 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
उल्लेखनीय है कि शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा परिवादी से मासिक बन्धी के रूप में 40 हजार रुपये एवं एक पेटी शराब की भी डिमांड की थी । एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक श्री दिनेश एम.एन , के निर्देशन में आरोपी के निवास एवं अन्य ठिकानों की तलाशी जारी है । एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा ।






