न्यूज़ डेस्क: जदयू नेता नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण करने के बाद से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आरसीपी सिंह पर हमलवार हैं। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर पहले ही इशारों-इशारों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा था और अब उन्होंने आरसीपी सिंह को लेकर बड़ा हमला किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव में हमारे पार्टी के लोगों को किसी का समर्थन नहीं मिला। इसके साथ ही उन्होंने आरसीपी सिंह पर गड़बड़ करने का आरोप लगाया।
समाचार एजेंसी के मुताबिक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा के साथ गठबंधन तोड़ने पर कहा कि हमारी पार्टी के लोगों की बहुत पहले से इच्छा थी। चुनाव के बाद भी जीतने वालों ने बताया कि हमें किसी ने समर्थन नहीं दिया और हारने वाले सभी बोले कि भाजपा वालों ने हराया है… आरसीपी सिंह ने बहुत गड़बड़ किया।
उन्होंने कहा कि जिस आदमी (आरसीपी सिंह) को इतना अधिक हमने सम्मान दिया अब वो ऐसी बात कर रहा है। हमने कहां से लेकर उसको कहां तक पहुंचाया, जाइये आपको जहां जाना है। इसी बीच उन्होंने केंद्र में बिहार के लोगों को मंत्री बनाने के लिए जोर देने वाली बात बताई। उन्होंने कहा कि 2019 में हमने कहा था कि हमारे 4 लोगों को मंत्रियों बनाएं।
गौरतलब है कि आरसीपी सिंह पर जदयू ने भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए नोटिस जारी किया था। जिसके बाद आरसीपी सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया और इसी के साथ ही बिहार की राजनीति में बड़ा परिवर्तन देखने को भी मिला। नीतीश कुमार ने एनडीए के नेता के तौर पर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और महागठबंधन में शामिल हो गए।