न्यूज़ डेस्क: जम्मू- कश्मीर के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने शनिवार को कहा कि कुछ युवाओं के बीच मामूली कहासुनी के कारण वैष्णो देवी तीर्थ क्षेत्र में भगदड़ की स्थिति बनी जिसमें दुर्भाग्य से 12 लोगों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और पुलिस एवं अन्य अधिकारियों ने स्थिति पर समय रहते काबू पा लिया।
सिंह ने बताया कि घटनास्थल से मिली प्रारंभिक सूचना के अनुसार, कुछ युवा लड़कों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और कुछ ही सेकंड के भीतर भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। उन्होंने कहा, पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने त्वरित प्रतिक्रिया दी तथा भीड़ में व्यवस्था तुरंत बहाल कर ली गई लेकिन उस वक्त तक नुकसान हो चुका था।’
पुलिस प्रमुख ने कहा, घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में पहुंचाया गया।’ उन्होंने बताया कि घटना में 15 लोग घायल हुए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि उन्होंने स्थिति का जायजा लेने के लिए जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और केंद्रीय मंत्रियों जितेंद्र सिंह तथा नित्यानंद राय से बात की है।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ‘माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ से लोगों की जान जाने से अत्यंत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा जी, मंत्रियों जितेंद्र सिंह जी, नित्यानंद राय जी से बात की और स्थिति की जानकारी ली।’