बड़हलगंज: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में निर्वाचित ग्राम प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों के साथ ही जिला पंचायत सदस्यों का भाजपा कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर व अंग वस्त्र के साथ सम्मानित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री राजेश त्रिपाठी ने प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आप सभी जनप्रतिनिधियों पर ग्रामीणों ने जिस विश्वास के साथ गांव की बागडोर सौंपी है, उसका कर्ज गांव का पक्षपात रहित विकास कर उतारें। उनके सुख-दुख में साथ खड़े रहें।
शुक्रवार को बड़हलगंज के एक मैरेज हाल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंचायत प्रतिनिधि सम्मान समारोह में बड़हलगंज विकासखंड के नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों के साथ ही जिला पंचायत सदस्य को माल्यार्पण कर अंग वस्त्र से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री ने कहा कि आप लोग केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से जनता को अवगत कराएं और उनको धरातल पर उतारने का काम करें। कार्यक्रम के संयोजक व भाजपा जिला मंत्री स्वतंत्र सिंह ने कहा कि मोदी व योगी सरकार ने सबका साथ, सबका विकास की जो मुहिम छेड़ी हुई है, उससे देश व प्रदेश विकास की ओर अग्रसर है। कमलेश पटेल व रामबेलास यादव ने कहा कि सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही जनप्रतिनिधियों का उद्देश्य होना चाहिए।
कार्यक्रम कि अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सुनील सिंह व संचालन अखंड शाही ने किया। इस दौरान जिपस रामअचल, राजिव पांडेय, बैरिस्टर यादव, आनंद त्रिपाठी, दुर्गेश मिश्र, गुड्डू मिश्र, भगवान यादव, गंगासागर शाही, शिवाजी सिंह, वेदप्रकाश त्रिपाठी, अरविंद सिंह, विनय तिवारी, श्रीकांत सोनी, कृष्णकुमार गौड़, तबस्सुम बानो, अभिषेक गुप्ता, हरेंद्र सिंह, ललकू यादव, संदीप गौड़, बनवारी प्रसाद सहित भाजपा कार्यकर्ता व पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।