बड़हलगंज: जनता के सुख दुःख का सारथी बनने के साथ ही उनकी तन, मन व धन से सेवा करना आलोक गुप्ता की समाज के प्रति सोच को दर्शाता है। मानव सेवा संस्थान के जरिये आलोक गुप्ता का प्रत्येक कार्य जनता के लिए निहित है। उनका प्रत्येक योगदान जनता के लिए है।
उक्त बातें शुक्रवार को गोरखपुर जनपद के वरिष्ठ युवा समाजवादी नेता पवन सिंह ने मानव सेवा संस्थान बड़हलगंज के तत्वावधान में आयोजित सदस्यों के सम्मान समारोह में कही। पवन सिंह ने कहा कि जिला पंचायत सदस्य आलोक गुप्ता सरल स्वभाव के वजह से क्षेत्र की जनता में प्रिय है। मनुष्य का सरल स्वभाव ही उसकी असली पहचान को दर्शाता है। सपा नेत्री पूनम गुप्ता ने कहा कि मानव सेवा संस्था दस वर्षों से अधिक समय से जनता के लिए काम करता आ रहा है। संस्था सभी गरीब, शोषित व मजबूर लोगों के लिए सर्वदा खड़ा रहती है। इस दौरान मुख्य अतिथि पवन सिंह ने संस्था से जुड़े लगभग 300 लोगों में मोबाइल फोन का वितरण कर उन्हें सम्मानित किया।
आयोजक जिला पंचायत सदस्य व संस्था के प्रबंधक आलोक गुप्ता ने सभी आगुन्तकों के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि आने वाले कुछ दिनों में संस्था की कोशिश है कि क्षेत्र के लगभग दस हजार घरों के सामने मुफ्त सोलर लाइट की व्यवस्था की जाये। इस दौरान संस्था के सदस्य शिवम् राय का जन्मदिन भी मनाया गया व मौजूद लोगों ने बधाई दी। इस दौरान राष्ट्रीय पहलवान अरुण सिंह, गोविंद यादव, अभिषेक राय, नितिन शाही, अल्लाउद्दीन खान, प्रिया गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहें।